Home जीवन में लाएं खुशियां

जीवन में लाएं खुशियां

Posted by khaskhabar.com
live happy

खुशियां कहीं और नहीं, हमारे ही अंदर रहती है। जरूरत है तो बस उसे खोजने की। यदि हम अपने अंदर झांक कर देखें तो खुशियां अवश्य मिल जाएगी। बस जरूरत है तो कुछ चीजों पर ध्यान देने की।
1. वक्त के साथ चलें- समय सबसे मूल्यवान है। जो समय की कद्र नहीं करता समय उसकी कद्र नहीं करता। अपने सभी कार्यो का एक समय निश्चित करें। हर कार्य निश्चित समय पर करना चाहिए। समय पर सोना और उठना चाहिए। ऎसा करने से आपकी जीवनशैली स्वस्थ रहेगी और आपके पास समय भी बचेगा जिसे आप अपनी इच्छानुसार व्यतीत कर सकेंगे। बचे हुए समय में अपनी पसंद के कार्य करने से आपको खुशी मिलेगी।
2. सकारात्मक सोच रखे- हर समय खुश रहने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है नकारात्मक सोच को दूर करके सकारात्मक विचारों को अपने पास रखें। सकारात्मक विचारों से हमें एनर्जी मिलती है। इससे हम अपनी समस्याओं से निपट सकते हैं और जब समस्याएं नहीं होंगी तो खुशियां आएंगी।
3. उजले रंग तलाशे- जीवन में खुश रहने के लिए जरूरी है कि हम अपने जीवन से नीरस रंगों को दूर करके उसमें उजले रंग भरें। सुबह जल्दी उठकर सूरज की किरणों का आनंद लेना चाहिए। ताजी हवा के झोकों व सूरज की किरणों से मन की उदासी दूर होती है। सूर्य की किरणें जीवन में सकारात्मक ऊर्जा लाती है। सुबह-सुबह ताजी हवा में अपनी अच्छी यादों को दोहराएं। इससे आपके मन में उत्साह और खुशी आएगी। मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि उजले रंग हमारे जीवन में खुशियां लाते हैं। इसलिए हमें उजले रंगों का प्रयोग करना चाहिए।
4. संपर्क बढ़ाएं- समान विचार वाले लोगों से दोस्ती करने, उनसे वार्तालाप करने से आप काफी अच्छा महसूस करेंगे। इससे आपके मन में नए उत्साह और उमंग का संचार होगा। याद रखें दोस्ती किसी भी उम्र वाले व्यक्ति के साथ की जा सकती है। अधिक उम्र वाले लोगों के पास अनुभव भी अधिक होता है। आपको उनसे बहुत कुछ सीखने को मिल सकता है। अत: सकारात्मक सोच वाले लोगों से दोस्ती करें और मिलनसार बनकर अपने जीवन में खुशियां लाएं।
5. अधिक अपेक्षाएं न रखें- हम दूसरों से अधिकाधिक अपेक्षाएं रखते हैं और चाहते हैं कि वह हमारी अपेक्षाऔं पर खरा उतरे। आप अपने बच्चों, माता-पिता और पत्नी से भी काफी अपेक्षाएं रखते हैं और पूरी न होने पर दुखी हो जाते हैं। यदि आप दूसरों से अपेक्षा न रखने की आदत को अपनाएंगे तो खुशियां पाएंगे। अपेक्षाएं खुशियों की दुश्मन होती हैं।
6. हर पल को जियें- आप हर पल में खुशियों को ढूंढने की कोशिश करें और उसको जियो। जिंदगी के हर पल को सेलिब्रेट करें। हम जिंदगी की बडी खुशियों के चक्कर मे छोटी- छोटी खुशियों को खो देते हैं। इन छोटी-छोटी खुशियों में ही जीवन का आनंद छुपा है। खुशियां हमारे अंदर ही होती हैं जरूरत है तो बस उन्हें ढूंढने की।
7. मनपसंद संगीत सुने- जब भी आप उदास हों तो थोडी देर शान्त रहकर आंखे बंद करें और अपना मनपसंद संगीत सुने। आपका मन थोडी देर बाद खुशी से भर जाएगा। संगीत हमारे मन को ताजगी से भर देता है। संगीत को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाइए। खाली समय में खुद भी गुनगुनाइए और खुशी का आनंद लिजिए।
8. मस्त रहना सीखें- छोटी-छोटी समस्याओं से घबराना नहीं चाहिए। खुश व मस्त रहना सीखें। समस्याओं से घबराने की जगह उनका समाधान खोजने का प्रयास करें। खाली समय को व्यर्थ बरबाद न करें । खाली समय में रचनात्मक कार्य करें। अपने जीवन में खुशियों के छोटे-छोटे पल खोजकर उन्हें सहेज के रखें।